जालंधर, ENS: डेरा सचखंड बल्लां के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर मामला गरमा गया। ‘बिल्ला’ नाम के एक व्यक्ति पर सोशल मीडिया पर डेरे और संत निरंजन दास जी के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट डालने के आरोप लगे है। इसी को लेकर देर रात आदमपुर थाने के बाहर बसपा नेता बलविंदर कुमार की अगुवाई में विरोध-प्रदर्शन किया गया। डेढ़ घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान जमकर नारेबाजी की। जिसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को कार्रवाई का आश्वासन दिया और धरने को खत्म करवाया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रदर्शनकारियों ने ‘बिल्ला’ नाम के एक व्यक्ति पर सोशल मीडिया पर डेरे और संत निरंजन दास जी के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट डालने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि शिकायतकर्ताओं की तरफ से अभी तक कोई ठोस सबूत या तथ्य पेश नहीं किए गए हैं, जिसके आधार पर मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
थाना एसएचओ परविंदर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि करतारपुर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले प्रसिद्ध डेरा सचखंड बल्लां से जुड़े कुछ व्यक्तियों और गुटों के बीच आपसी मनमुटाव का मामला सामने आया था। इसी आपसी मतभेद के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कुछ पोस्ट शेयर की गईं। शिकायतकर्ताओं बलवीर सिंह जो की डेरा बल्ला के रहने वाले है। उनका आरोप था कि इन पोस्ट्स में डेरे की धार्मिक मान्यताओं और भावनाओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां की गई हैं। आरोपी व्यक्ति की पहचान ‘बिल्ला’ के रूप में की गई है, जिस पर माहौल खराब करने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह शिकायत चमो गांव के निवासी बलवीर सिंह द्वारा दर्ज कराई गई है, जो खुद को डेरा सचखंड बल्लां का श्रद्धालु और उपासक बताते हैं। शिकायत मिलने के बाद रविदास समाज और स्थानीय संगठनों के लोग इकट्ठा होकर थाने के बाहर पहुंचे थे और अपना विरोध दर्ज कराया। हालांकि, पुलिस प्रशासन के साथ हुई बातचीत और त्वरित हस्तक्षेप के बाद यह प्रदर्शन लगभग 1 से 1.5 घंटे के भीतर ही शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त कर दिया गया।
एसएचओ परविंदर सिंह ने स्पष्ट किया कि शिकायत ले ली गई है, लेकिन अभी तक आरोपी के खिलाफ आपत्तिजनक सामग्री का कोई लिखित या डिजिटल प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है। दिए गए आवेदन के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
