अमृतसरः नशे के खिलाफ चलाई गई मुहिम के तहत बीएसएफ ने 2 अलग-अलग मामलों में 10 किलो हेरोइन बरामद की है। इसी के साथ बीएसएफ ने एक पिस्तौल और एक टूटा हुआ ड्रोन बरामद किया है। दोनों मामलों में थाना घरिंडा में एनडीपीएस एक्ट समेत संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किए गए हैं। पहले मामले में बीएसएफ की 181वीं बटालियन की सी कंपनी के अधिकारियों ने सीमा पर ड्रोन की हलचल पाई। इसके बाद तुरंत काहनगढ़ इलाके में सर्च किया गया। जांच के दौरान खेतों में 5 किलो 10 ग्राम नशीला पाउडर और 545 ग्राम पैकिंग सामग्री बरामद हुई।

वहीं, दूसरे मामले में बीएसएफ की 10वीं बटालियन की डी कंपनी के अधिकारी के एस राणा को अटारी स्थित इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (आईसीपी) पर कुछ गतिविधियां होने की सूचना मिली थी। अधिकारी की ओर से अपनी टीम के साथ मिलकर सीमा के साथ लगे खेतों में सर्च अभियान चलाया गया। इसी दौरान वहीं से 5 किलो 32 ग्राम हेरोइन, 1 किलो 156 ग्राम पैकिंग सामग्री, तुर्किये की कंपनी की जिगाना स्पोर्ट पिस्टल और डीजेआई मैट्रिस 400 मॉडल का टूटा हुआ क्वाडकॉप्टर ड्रोन बरामद हुआ है।
दोनों ही मामलों में थाना घंरिडा पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि यह खेप किन लोगों ने उठानी थी और आगे कहां सप्लाई की जानी थी। वहीं इसके थाना घरिंडा पुलिस ने ही गुप्त सूचना के आधार पर अमरीक सिंह निवासी गांव मोदे नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया। आरोपी से पुलिस ने एक अवैध पिस्तौल मैगजीन और कारतूस बरामद किए है। आरोपी को पिस्तौल पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजा गया। जिसे वह आगे सप्लाई करने जा रहा था।
