छाती पर दूसरी गर्लफ्रेंड का टैटू, पिता बेटी को लेने पहुंचे तो उन पर भी किया हमला, केस दर्ज
लुधियानाः धोखे से शादी कर लड़की का धर्म परिवर्तन करवा देने का एक मामला सामने आया है। लड़की ने अपने बॉयफ्रेंड के साथ लव कम अरेंज मैरिज की। लड़की के मुताबिक शादी के बाद जब वो ससुराल पहुंची तो ससुर ने शादी मानने से इनकार कर दिया।
ससुर ने साफ कर दिया कि जब तक उसने ईसाई धर्म नहीं अपनाया तब तक यह शादी मंजूर नहीं होगी। लड़की के मुताबिक उसने पहले मना किया, लेकिन शादी टूटने के डर से वो तैयार हो गई। ससुराल में पहले दिन ससुर ने उसे छत में बने एक स्विमिंग पूल में जबरन डुबकी लगवाई और उसका धर्म परिवर्तन कर दिया।
लड़की के मुताबिक उसके साथ धोखाधड़ी यहीं पर खत्म नहीं हुई, जब वो बेडरूम में अपने पति के साथ गई तो उसकी छाती पर एक नन्नू नाम का टैटू दिखा। बाद में पता चला कि नन्नू उसके पति की दूसरी गर्लफ्रेंड है। इसी बीच ससुरालियों ने उससे दहेज की डिमांड करनी शुरू की।
लड़की ने बताया कि जब पति और ससुरालियों की इन हरकतों का विरोध किया तो उन्होंने उसे पीटना शुरू किया। यही नहीं उसके पिता जब उसे लेकर घर जा रहे थे तो उनके साथ भी मारपीट की। पिता की शिकायत पर अब ससुरालियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
कृतिका वर्मा व करणवीर दोनों बाइकर्स हैं और उनके पास अपनी-अपनी आर-5 मोटरसाइकिल थी। बाइक राइडिंग के दौरान दोनों की मुलाकात हुई और वो एक दूसरे को जानने लगे। इन्हीं मुलाकातों के दौरान करणवीर उसे चाहने लगा।
कृतिका वर्मा एक एप्पल स्टोर में काम करती है। करणवीर को पता चला तो वो स्टोर पर अलग-अलग काम के बहाने चक्कर काटने लगा। इसी दौरान उसने अपने प्यार का इजहार किया और दोनों में विवाह हो गया।
पीड़िता ने बताया कि करणवीर ने उनकी बेटी को बताया कि उसका पूरा नाम करणवीर सिंह सिद्धू है और वह जटसिख है। बेटी ने सिख होने की बात पर विश्वास कर लिया। विपन कुमार ने बताया कि उनकी पत्नी का बर्थडे था तो बेटी ने उस दिन करणवीर को घर बुलाया और अपनी मां से मिलाया। उसी दिन उसने शादी करने का प्रस्ताव भी रखा। बेटी के कहने पर उन्होंने उसके बारे में इधर-उधर से पता किया। फिर दोनों का रिश्ता तय हुआ।
पीड़िता ने पिता विपन कुमार ने बताया कि दोनों की शादी होनी थी। इसी दौरान लड़के की नानी मर गई, जिस पर उसके परिवार ने शादी करने से मना कर दिया, लेकिन करणवीर जिद पर अड़ा रहा। करणवीर का परिवार शादी में शामिल नहीं हुआ। इसी बीच परिवार ने करणवीर के बड़े भाई को शादी में भेजा।
2 सितंबर, 2026 को लुधियाना के संत विहार स्थित शनि शिव मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज और धार्मिक मान्यताओं के साथ दोनों की शादी संपन्न हुई। लड़के ने उस दिन सभी हिंदू रीति रिवाज फॉलो किए, जबकि उसका बड़ा भाई इन क्रियाओं से दूर ही रहा। तीन दिन बेटी घर पर रही और पांच सितंबर को उन्होंने अपनी हैसियत के हिसाब से अपनी बेटी को विदा किया।
शादी के बाद जब कृतिका अपने ससुराल पहुंची तो वह घबरा गई। घर के निचले हिस्से में एक बड़ा हॉल बना हुआ था, जिसे चर्च का रूप दिया गया था। तब खुलासा हुआ कि आरोपी परिवार पहले ही अपना धर्म बदलकर ईसाई बन चुका है और उन्होंने धोखे से यह शादी रचाई है।
जब उनकी बेटी ससुराल पहुंची तो ससुर ने शादी मानने से इनकार कर दिया। बेटी ने कहा कि उसकी शादी तो हो गई है। ससुर ने बेटी से कहा कि वो इस शादी को नहीं मानते हैं। उसे पहले ईसाई बनना होगा और फिर शादी होगी।
ससुर ने रात में बेटी का फोन बंद किया और फिर धर्म परिवर्तन करवाया। धर्म परिवर्तन करवाने के लिए ससुर उसे तीसरी मंजिल पर बने स्विमिंग पूल में ले गए। वहां धर्म परिवर्तन के नाम पर उसे स्विमिंग पूल के पानी में बैठाकर डुबकी लगवाई गई। इस दौरान आरोपियों ने बेटी के सिर, पीठ और शरीर पर गलत नीयत से हाथ लगाकर उसकी लज्जा भंग की और इसका वीडियो भी बना लिया। इतना ही नहीं हिंदू देवी-देवताओं पर बेहद अभद्र व अपमानजनक टिप्पणियां की गईं।
विपन कुमार ने बताया कि रात को उसका धर्म परिवर्तन करवाकर घर भेज दिया और कहा कि वो अगले दिन लेकर जाएंगे और फिर अपने रीति रिवाज से शादी करेंगे। उन्होंने बताया कि करणवीर अगले दिन उसे लेकर गया और उसकी शादी कर दी। बेटी के ससुर ने शादी होते ही कह दिया कि उसने अपने बेटे को बेदखल किया है। इसे घर में सिर्फ एक कमरा दे देंगे बाकी कोई सामान नहीं देंगे। उन्होंने अगले दिन ही बेटी को सारा सामान दिया। करणवीर और बेटी वहां पर लेकर रहने लगे।
विपन कुमार ने बताया कि इन सब खुलासों के बाद दोनों के बीच आए दिन विवाद रहने लगा। ससुराल वालों ने 10 लाख रुपए न मिलने पर लड़की को घर से निकाल दिया। मजबूरी में लड़की ने हैबोवाल के जोगिंदर नगर में किराए पर पोर्शन लिया, जहां आरोपी पति भी कभी-कभार आकर मारपीट करता था।
लड़की ने बताया कि प्रताड़ना के बीच एक और सच सामने आया। पति ने स्वीकार किया कि वह कृतिका से प्यार नहीं करता। उसने अपनी छाती पर अपनी गर्लफ्रेंड नन्नू के नाम का टैटू बनवाया हुआ था, जिस पर पहली मुलाकात की तारीख 16.10.2021 भी लिखी हुई थी।
विपन कुमार ने कहा कि बेटी के ससुराल पक्ष ने सोची-समझी साजिश के तहत हिंदू लड़की का धर्म परिवर्तन करवाकर मोटी रकम ऐंठी। इसके बाद उन्होंने लड़की को 10 लाख रुपए और दहेज लाने के लिए शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। एसएचओ जसबीर सिंह के मुताबिक इस मामले में शिकायतकर्ता विपन वर्मा ने बताया कि उनकी बेटे के साथ शादी के नाम पर धोखा हुआ है। एसएचओ जसबीर सिंह ने मामला दर्ज कर लिया और आरोपियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी जारी है। वहीं पुलिस ने बताया कि अब इस मामले में क्रॉस मामला दर्ज भी कर लिया गया है।