नूंहः नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका शहर में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दिल्ली-अलवर रोड पर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के सामने अलवर की तरफ से आ रहे डस्ट से भरे एक तेज रफ्तार ट्रक ने एक इको कार को टक्कर मार दी और ट्रक कार के ऊपर चढ़ गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ये हादसा 24 अक्टूबर को रात करीब 10:30 बजे हुआ। हादसे में शामिल ट्रक और इको गाड़ी बताई गई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन की सहायता से इको कार को ट्रक के नीचे से बाहर निकाला गया।
कार में सवार चार लोगों को गंभीर हालत में बाहर निकाल कर मांडिखेड़ा के सरकारी अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान अनिल पुत्र कर्मवीर उम्र 28 साल निवासी सोहना, विवेक पुत्र दयाराम उम्र 30 साल निवासी सोहना और रवि उम्र 30 साल निवासी गुरुग्राम के रूप में हुई है। तीनों के शव जीएच मांडिखेड़ा में रखे गए हैं। वहीं चौथे युवक अभिषेक पुत्र बिजेंद्र निवासी सोहना उम्र 25 साल घायल है और उसका इलाज मांडिखेड़ा अस्पताल में चल रहा है, उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
इस हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। बताया जा रहा है कि शहर के जिम्मेदार लोगों और पुलिस ने बड़ी मुश्किल से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। ट्रक का चालक हादसे के बाद मौके से भाग गया।
घटना की सूचना पर एसएचओ स्वयं घटनास्थल पर मौजूद रहे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।