लीपा सिटीः फिलीपीन एयर फोर्स के दो ट्रेनर विमान उड़ान के दौरान हवा में आपस में टकरा गए। इस भीषण हादसे में दोनों विमानों में सवार चारों पायलटों की जान चली गई। यह दुर्घटना बटांगस प्रांत के लीपा सिटी स्थित फर्नांडो एयर बेस के पास हुई। सेना ने शनिवार को जानकारी दी कि हादसे में 4 सैन्य पायलटों की जान चली गई है। फिलीपींस वायुसेना (पीएएफ) के आधिकारिक बयान के अनुसार, यह हादसा शुक्रवार को बटांगस प्रांत स्थित फर्नांडो एयर बेस पर नियमित प्रशिक्षण उड़ान के दौरान हुआ।
हादसे का शिकार हुए दोनों विमान SF-260 मॉडल के ट्रेनर एयरक्राफ्ट थे। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उड़ान भरते समय दोनों विमान हवा में ही आपस में टकरा गए। विमान एयर बेस परिसर के भीतर ही गिरे, जिससे जमीन पर किसी अन्य व्यक्ति को नुकसान नहीं पहुंचा। हादसे के तुरंत बाद फिलीपींस वायुसेना ने अपने सभी SF-260 प्रशिक्षण विमानों के बेड़े की उड़ानों पर अस्थायी रूप से रोक (ग्राउंड) लगा दी है।
वायुसेना के अधिकारियों का कहना है कि जब तक दुर्घटना के सटीक कारणों की गहन जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक ये विमान उड़ान नहीं भरेंगे। SF-260 विमानों से जुड़ा यह कोई पहला हादसा नहीं है। इससे पहले भी इस मॉडल के विमान हादसों का शिकार हो चुके हैं, मई में उत्तरी फिलीपींस के पहाड़ी इलाके में एक SF-260 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें दो पायलट मारे गए थे।
वहीं, साल 2023 में एक ट्रेनिंग फ्लाइट के दौरान SF-260 TP मार्चेटी विमान हादसे का शिकार हुआ था, जिसमें दो पायलटों की जान गई थी। SF-260 विमान केवल पायलटों के बुनियादी प्रशिक्षण के लिए ही नहीं, बल्कि सैन्य अभियानों में भी इस्तेमाल होते रहे हैं। साल 2017 में जब इस्लामिक स्टेट (एसआई) से जुड़े आतंकियों ने दक्षिणी शहर मारावी पर कब्जा कर लिया था, तब महीनों चले सैन्य अभियान और हवाई हमलों में फिलीपींस सेना ने इन SF-260 विमानों का सक्रिय रूप से उपयोग किया था।