चंडीगढ़। बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और महिलाओं के कल्याण के प्रति समर्पित पंजाब सरकार द्वारा आंगनवाड़ी ढांचे को मजबूत करने के लिए शुरू की गई महत्वपूर्ण पहल अब सफलता के करीब पहुंच गई है। मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा राज्य में बनाए जा रहे 1000 आधुनिक आंगनवाड़ी केंद्रों में से 957 केंद्रों का निर्माण पूरा कर लिया गया है, जबकि शेष केंद्रों का कार्य तेजी से जारी है। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि यह पहल प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित वातावरण, बेहतर पोषण और प्रारंभिक शिक्षा की सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि एकीकृत बाल विकास सेवा (आईसीडीएस) योजना के तहत महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के साथ समन्वय के माध्यम से इन आंगनवाड़ी केंद्रों का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के लिए पंजाब सरकार द्वारा 100 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। इसका उद्देश्य गांव स्तर पर बच्चों और महिलाओं के लिए मजबूत सामाजिक बुनियादी ढांचा तैयार करना है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इन आधुनिक आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को पूर्व-प्राथमिक शिक्षा, पूरक पोषण, स्वास्थ्य जांच, विकास की निगरानी और अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
इन केंद्रों के माध्यम से गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और छोटे बच्चों को भी पहले से बेहतर सेवाएं प्राप्त होंगी। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ये केंद्र बच्चों की शिक्षा, पोषण और सर्वांगीण विकास के मजबूत केंद्र के रूप में और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य कर सकेंगे। डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि पंजाब सरकार की यह पहल राज्य में बाल विकास, महिला सशक्तीकरण और सामाजिक कल्याण के प्रति सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाती है। यह कदम स्वस्थ, शिक्षित और सशक्त ‘रंगला पंजाब’ के निर्माण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पड़ाव है।
