गुरदासपुरः डिप्टी कमिश्नर आदित्य उप्पल व एसएसपी बटाला ने बटाला, घुमाण और कादियां क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान किसानों से बेलर से गांठें बनाने के बाद बची फसल की अवशेष सामग्री को आग न लगाने की अपील की। डिप्टी कमिश्नर आदित्य उप्पल और एसएसपी बटाला ने किसानों से मुलाकात कर उन्हें पराली प्रबंधन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पराली के उचित प्रबंधन के लिए जिले में आवश्यक कृषि मशीनरी उपलब्ध है।
इस मौके पर डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि सिविल प्रशासन और पुलिस विभाग सहित पूरा जिला प्रशासन गांव-गांव जाकर किसानों से मुलाकात कर रहा है। किसानों को पराली न जलाने और इसके उचित प्रबंधन के लिए जागरूक किया जा रहा है।
डिप्टी कमिश्नर ने विभिन्न गांवों के किसानों से पराली न जलाने और इसके उचित प्रबंधन की अपील की। इस दौरान किसानों ने भी पराली न जलाने के लिए जिला प्रशासन को सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
उन्होंने बताया कि जिले के अधिकांश गांवों में प्रगतिशील किसान मौजूद हैं, जो पिछले कई वर्षों से फसल के अवशेषों को आग नहीं लगाते। ऐसे किसान दूसरे किसानों को भी पराली न जलाने के फायदों के बारे में जागरूक कर रहे हैं। जिला प्रशासन किसानों को पूरा सहयोग दे रहा है। इसके बावजूद यदि किसान पराली जलाते हैं, तो माननीय सुप्रीम कोर्ट और राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के निर्देशों के तहत कार्रवाई की जाती है।
डिप्टी कमिश्नर ने किसानों से अपील की कि वे जिला प्रशासन का सहयोग करें और पराली व फसल के अवशेषों के प्रबंधन के लिए कृषि मशीनरी का इस्तेमाल करें। उन्होंने पर्यावरण को स्वच्छ रखने, जमीन की उपजाऊ शक्ति बनाए रखने और मानवता की भलाई के लिए किसानों से पराली व फसल के अवशेषों को न जलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि किसी किसान को पराली प्रबंधन में कोई परेशानी आती है, तो वह अपने नजदीकी कृषि विभाग के कार्यालय, ब्लॉक अधिकारी या एसडीएम कार्यालय से संपर्क कर सकता है। इसके अलावा किसान हेल्पलाइन नंबर 98781-66525 पर भी संपर्क कर सकते हैं।
