पंचकूलाः जिले में धार्मिक स्थल पर भी चोरों ने हाथ साफ कर दिया। पंचकूला के ऐतिहासिक गुरुद्वारा नाडा साहिब में माथा टेकने आई दिल्ली यूनिवर्सिटी की एक महिला प्रोफेसर का पर्स चोरी हो गया। घटना के बाद गुरुद्वारा परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, गुरुग्राम के सेक्टर-81 में रहने वाली नवनीता चड्ढा बहेरा 18 अक्टूबर को सुबह करीब 11 बजे से 11 बजकर 45 मिनट के बीच गुरुद्वारा नाडा साहिब में दर्शन करने पहुंची थीं। जब वह माथा टेक रही थीं, उसी दौरान कथित तौर पर एक अज्ञात महिला ने भीड़ का फायदा उठाकर उनके बैग से पर्स निकाल लिया।
पीड़िता के मुताबिक, चोरी हुए पर्स में करीब 8 हजार रुपये नकद, आधार कार्ड, दिल्ली यूनिवर्सिटी का आई-कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और HSBC, SBI व HDFC बैंकों के तीन क्रेडिट/डेबिट कार्ड मौजूद थे। पर्स चोरी होने का शक होने पर पीड़िता ने तुरंत गुरुद्वारा साहिब के प्रबंधन कार्यालय से संपर्क किया। इसके बाद परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में कथित तौर पर दो महिलाएं दिखाई दीं, जिनमें से एक पर पर्स चोरी करने का संदेह है।
इस मामले में चंडीमंदिर थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता यानी बीएनएस की धारा 305 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना एसएचओ रामपाल के मुताबिक, पुलिस गुरुद्वारा परिसर की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की पहचान करने और उनकी तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को पकड़ने के लिए जांच जारी है। अब सवाल यह है कि जिस धार्मिक स्थल पर लोग श्रद्धा और विश्वास के साथ माथा टेकने पहुंचते हैं, वहां भीड़ का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को कैसे अंजाम दिया गया?
