नई दिल्ली: अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत के साथ हो रही ट्रेड डील पर अहम जानकारी दी है। उन्होंने सोमवार को कहा है कि दोनों देश ट्रेड डील को फाइनल करने के काफी पास पहुंच चुके हैं। रुबियो अब भारत में आने वाले हैं और मुंबई में विदेश मंत्री S. Jaishankar के साथ वो मुलाकात करेंगे। रुबियो के भारत दौरे से पहले उन्होंने कहा कि – हम इस समय भारत के साथ ट्रेड डील को अंतिम रुप देने की कोशिश कर रहे हैं। हम ऐसा करने के काफी करीब भी हैं। रुसी तेल और गैस के मुद्दे पर भी रुबियो का बयान आया। उन्होंने कहा कि वैश्विक आपूर्ति और कीमतों पर होने वाले असर को देखते हुए अमेरिका को पिछले कुछ महीनों में कई प्रतिबंधों में छूट देनी पड़ी है।
तेल गैस और ट्रेड डील पर आया बयान
रिपोर्ट्स के अनुसार, रुस से तेल-गैस खरीदने के मामले पर कहा कि – पिछले कुछ महीनों में हमें प्रतिबंधों में छूट देनी पड़ी क्यों कि उनका असर वैश्विक आपूर्ति और कीमतों पर भी हो रहा था। हमें इन सभी कारकों में संतुलन बनाना पड़ेगा। हम इस समय भारत के साथ व्यापार समझौते को आखिरी रुप देने की प्रक्रिया में है। इसके काफी करीब हैं। यह वही पहलू है जिन पर राष्ट्रपति राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी हुई छूट या ऐसे फैसले लेते समय विचार करते हैं।
भारत और अमेरिका के पहले चरण के व्यापार समझौते को आखिरी रुप देने के करीब पहुंच चुके हैं। डेयरी क्षेत्र तक पहुंच का मुद्दा अब भी सबसे बड़ी बाधा बना है। अमेरिका भारत के डेयरी क्षेत्र में जगह भी बनाना चाहता है परंतु भारत अभी इसके लिए तैयार नहीं हुआ है। बता दें कि विदेश मंत्री एस जयशंकर और अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो 20 अक्टूबर को मुंबई में मुलाकात करेंगे। इस दौरान दोनों नेताओं में भारत और अमेरिका के बीच कई अहम मुद्दों पर बातचीत होगी। भारत अमेरिका वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत बनाने के लिए ऊर्जा, व्यापार, रक्षा, महत्वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकियों और द्विपक्षीय सहयोग के जैसे बाकी क्षेत्रों पर चर्चा हो सकती है।
