सैन होज़ेः कैलिफोर्निया के सैन होज़े में एक छोटा विमान सड़क पर आ गिरा। डैशकैम फुटेज में कैद हुआ कि कैसे विमान एक ओवरपास से टकराया और फिर सड़क पर जा उतरा। विमान में सवार दो वयस्क और एक बच्चा घायल हो गए, लेकिन उनकी चोटें जानलेवा नहीं हैं, घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहीं घटना के दौरान ज़मीन पर मौजूद किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई। यह दुर्घटना कैपिटल एक्सप्रेसवे और एक्सकैलिबर ड्राइव के पास हुई।
ओवरपास से ट क रा क र सड़क पर गिरकर क्रै श हुआ विमान, बच्चे सहित 3 घा य ल
#PlaneCrash #AircraftCrash #PlaneAccident https://t.co/7j7vA0yWAG— Encounter News (@encounternews2) October 19, 2026
हादसे के कारणों की अभी जांच चल रही है। मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त विमान सिंगल-इंजन प्रोपेलर विमान था, जिसकी पहचान 1968 सेसना 177ए कार्डिनल (Cessna 177A Cardinal) के रूप में हुई है। यह सैन होज़े स्टेट यूनिवर्सिटी के एक गैर-लाभकारी उड़ान क्लब ‘फ्लाइंग ट्वेंटी इंक’ से पंजीकृत था।
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के अनुसार, उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद पायलट ने इंजन में खराबी की सूचना दी थी और आपातकालीन स्थिति घोषित की थी। इसके बाद विमान सड़क पर आ गिरा। हादसे के बाद विमान के आगे का हिस्सा (नाक) जमीन पर टिक गया और पूंछ हवा की तरफ हो गई। सैन होज़े फायर डिपार्टमेंट ने मौके पर पहुंचकर विमान से लीक हुए थोड़े से ईंधन को सुरक्षित रूप से साफ किया। मलबे को हटाने और सड़क को पूरी तरह साफ करने में करीब 3 घंटे का समय लगा।
