ब्रैम्पटनः कनाडा के मिसिसॉगा स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा माल्टन साहिब में चौपहरा साहिब के पाठ के दौरान जमकर हंगामा देखने को मिला। महिला अपने सिर पर कुछ किताबें रखकर गुरुद्वारे में पहुंची। यहां उसने किताबों को बिखेर दिया और तेजी से गुरु ग्रंथ साहिब के सामने पहुंच गई। यहां पाठियों के सामने योग मुद्रा में हाथ उठाकर खड़ी हो गई। दोनों हाथ हवा में खड़े किए और गोल-गोल घूमने लगी।
इसके बाद उसने वे पुस्तकें फर्श पर फेंक दीं, खुद जमीन पर लेटने लगी और अमर्यादित भाषा का उपयोग कर जोर-जोर से चिल्लाने लगी। ऐसे में महिला की इस हरकत से बेअदबी की आशंका पैदा हो गई थी, लेकिन मौके पर मौजूद सिंह साहब, संगत और महिला सेवादारों ने सूझबूझ दिखाई। बीबियों (महिला सेवादारों) ने तुरंत महिला को काबू में किया और हॉल से बाहर ले गईं। समय रहते स्थिति पर नियंत्रण पा लेने के कारण गुरुद्वारा साहिब की पवित्रता और मर्यादा भंग होने से बच गई।
घटना के बाद संगत ने गुरुद्वारा साहिब में सुरक्षा और चेकिंग व्यवस्था मजबूत करने और द्वार पर मुस्तैद सेवादार तैनात करने की मांग की है, ताकि ऐसी हरकतों को प्रवेश द्वार पर ही रोका जा सके। इसके साथ ही महिला के परिवार से अपील की गई है कि यदि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ है या किसी लत का शिकार है, तो उसे इस तरह धार्मिक या सार्वजनिक स्थलों पर अकेला न छोड़ें, जिससे किसी भी धर्मस्थल की मर्यादा को ठेस पहुंचे।
