लीमाः पेरू के जॉर्ज शावेज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक बड़ा विमान हादसा टल गया। दरअसल, पेरू के पियुरा के लिए उड़ान भरने वाली LATAM एयरलाइंस की एयरबस में A320 के इंजन में आग लग गई। यह हादसा 19 अक्टूबर को लीमा के जॉर्ज शावेज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुआ। विमान LA2302 में अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिसके चलते विमान के बाएं इंजन से आग की लपटें और घना धुआं निकलने लगा।
सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है। एयरपोर्ट की इमरजेंसी टीम ने मामले पर तुरंत कार्रवाई की, जबकि LATAM एयरलाइंस ने प्रभावित यात्रियों के लिए मदद और दूसरी उड़ानों का इंतजाम किया। एयरलाइंस ने कहा है कि घटना की तकनीकी जांच की जाएगी, लेकिन आग लगने के असली कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
