नई दिल्ली: मशहूर यूट्यूबर ध्रूव राठी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज हुई है। यह शिकायत दिल्ली के एक वकील ने पुलिस कमिश्नर, नॉर्थ डीसीपी और रुप नगर के थाना प्रभारी को दी है। उन्होंने आरोप लगाया है कि ध्रूव राठी ने एक इंटरव्यू में भारतीय सेना और पुलिस को सरकार के खिलाफ विद्रोह करने के लिए उकसाया है। शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि ध्रूव राठी के बयान देश और केंद्र सरकार के खिलाफ युद्ध छेड़ने की कोशिश तथा साजिश से जुड़े हुए हैं। शिकायत में सोशल मीडिया पर मौजूद वीडियो का हवाला दिया गया है।
पासपोर्ट किया जाए जब्त
वहीं शिकायत करने वाले व्यक्ति ने आर्थिक स्त्रोतों और कथित संपर्को की जांच करने के अलावा उनका पासपोर्ट जब्त करने की भी मांग रखी है। शिकायत में उन्होंने भारतीय न्याय संहित की अलग-अलग धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज करते हुए जांच की अपील की है।
ध्रूव राठी के खिलाफ जारी हुआ समन
भारत आने के बाद से ही ध्रूव राठी की मुश्किलें लगातार बढ़ रही है। पहले दि्ल्ली की साकेत कोर्ट ने यूट्यूबर ध्रूव राठी के खिलाफ आपराधिक मानहानि के पुराने मामले में नए सिरे से समन जारी करने के आदेश दिए हैं। यह मामला विकास पांडे ने दायर किया था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि ध्रुव राठी के बीजेपी आईटी सेल पार्ट 2 वीडियो को लेकर यह मामला दर्ज करवाया था।
17 अक्टूबर को होगी सुनवाई
अदालत ने समन की तामील के लिए दस्ती सेवा की अनुमति भी दे डाली है। इस मामले में अगली सुनवाई 17 अक्टूबर को होने वाली है। जानकारी की मानें तो 12 अक्टूबर को पास किए गए आदेश में ध्रूव राठी के गुरुग्राम में स्थित घर पर समन भेजने की प्रक्रिया नए तरीके से आगे बढ़ाने की अनुमति दे दी है। इसके अलावा शिकायतकर्ता ने प्रोसेस सर्वर के साथ जाने की इजाजत दी है ताकि समन भेजा जाए।
