भाभी और उनके बच्चों सहित पांच लोगों पर मारपीट का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मामला
ऊना,सुशील पंडित: हरोली थाना क्षेत्र के अपर पंजावर में रिश्तेदारों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने अपनी भाभी, उनके तीन बच्चों और एक अन्य रिश्तेदार पर मारपीट कर घायल करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में जगीर सिंह निवासी अपर पंजावर, डाकघर पंजावर, तहसील हरोली, जिला ऊना ने बताया कि 14 अक्टूबर को शाम करीब 6:30 बजे वह अपनी पत्नी और अन्य रिश्तेदारों के साथ अपनी भाभी अमरजीत कौर के घर बैग लेने गया था।
शिकायत के अनुसार, इस दौरान उसकी भाभी अमरजीत कौर, उनकी दो बेटियों, एक बेटे और उनके रिश्तेदार अनमोल निवासी बहड़ाला, जिला ऊना ने उनके साथ मारपीट की। इस घटना में जगीर सिंह को चोटें आईं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
