सोनीपतः गोहाना क्षेत्र के गांव कथूरा स्थित देवी मंदिर में पुजारी के तौर पर रह रहे 25 वर्षीय सचिन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के भाई अमन ने आरोप लगाया कि अश्लील अफवाहों के चलते अज्ञात लोगों ने उसके भाई के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सचिन को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अमन की शिकायत पर बरोदा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैथल के गांव रोहेड़ा के रहने वाले अमन ने बरोदा थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका भाई सचिन (25) ने 7 साल पहले पुजारी का काम शुरू किया था। उसके भाई अमन ने बताया कि सचिन पिछले करीब 3 साल से गांव कथूरा के देवी मंदिर में पुजारी के तौर पर रह रहा था। 8 अक्टूबर की सुबह उसे भाई की मौत की सूचना मिली। जिसके बाद वह मौके पर पहुंचा और मामले की जानकारी जुटाई।
अमन ने शिकायत में आरोप लगाया कि गलत और अश्लील अफवाहों के कारण गांव के कुछ अज्ञात लोगों ने सचिन के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। अमन ने अपने भाई अनूप और चचेरे भाइयों के साथ मामले की तसल्ली करने के बाद पुलिस को शिकायत दी और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
पुलिस की प्रारंभिक कार्रवाई के अनुसार 7 और 8 अक्टूबर की मध्यरात्रि को सोनीपत कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि गांव कथूरा के देवी मंदिर में रहने वाले पुजारी के साथ अश्लील हरकतों को लेकर ग्रामीणों ने मारपीट की है। मृतक के भाई अमन की शिकायत के आधार पर बरोदा थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच शुरू कर दी है।
