नई दिल्लीः 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी प्रोटेस्ट करने जा रही है। इस बीच इंडियन रेलवे और मेट्रो ने बड़ा आदेश जारी किया है। रेलवे ने 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों पर आने वाली सभी मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को कैंसिल करने का ऑर्डर दिया है। ऐसा इसलिए किया है क्योंकि दोनों स्टेशनों के आसपास सड़क पर बहुत ज्यादा ट्रैफिक जाम होने की संभावना है। साथ ही मेट्रो भी 53 स्टेशन पर नहीं चलेगी।
9 अक्टूबर को जारी रेलवे के एक ऑर्डर के मुताबिक शुक्रवार को दोपहर 2 बजे के बाद अपने शुरुआती स्टेशनों से निकलने वाली और शनिवार को सुबह 4 से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन पहुंचने वाली सभी मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें वहीं से कैंसिल कर दी जाएंगी।
रेलवे डिपार्टमेंट के कोचिंग डायरेक्टरेट द्वारा जारी ऑर्डर में कहा है कि यह फैसला दोनों स्टेशनों के आसपास के इलाकों में बहुत ज्यादा ट्रैफिक जाम की आशंका को देखते लिया गया है। ये कदम चीफ इलेक्शन कमिश्नर (CEC) के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों के बीच उठाया गया है।
10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और छात्र संगठनों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन का ऐलान किया है। CJP ने कहा है कि अनुमति नहीं मिलने के बावजूद वह प्रदर्शन करेगी। पार्टी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित अनियमितताओं पर सवाल उठाए हैं और आंदोलन को शांतिपूर्ण रखने की बात कही है।
वहीं विपक्षी INDIA गठबंधन के सांसद भी चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन कर चुके हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने मतदाता सूची और वोटिंग अधिकारों को लेकर सवाल उठाए हैं। माकपा सांसद जॉन ब्रिटास ने कहा कि ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक विरोध जारी रहेगा। दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन से पहले सुरक्षा बढ़ाई है। रिपोर्टों के मुताबिक प्रदर्शन के लिए अनुमति नहीं दी है और बड़ी संख्या में पुलिस और केंद्रीय बल तैनात किया जा रहा हैं।
