जालंधर, ENS: सिविल अस्पताल में आज अचानक चैकिंग करने के लिए कांग्रेस नार्थ हलके के विधायक बावा हैनरी और शहरी प्रधान राजिंदर बेरी पहुंचे। इस दौरान विधायक बावा हैनरी ने कहा कि राजिंदर बेरी द्वारा एक माह पहले डॉक्टरों से मुलाकात करके सुविधाओं को लेकर बातचीत की थी। जिसके बाद वह सिविल अस्पताल में हुए सुधार को लेकर जायजा लेने पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस नेता जच्चा-बच्चा वार्ड में जांच करने पहुंचे। उन्होंने कहाकि पुरुष के बाथरुम में ताला लगा हुआ था और महिलाओं के बाथरूम में काफी गंदगी पाई गई।
वहीं फंगस भी देखने को मिली। बावा हैनरी ने कहा कि कुछ समय पहले जच्चा-बच्चा वार्ड में शार्ट सर्किट की घटना हुई थी। हालांकि उस दौरान जानी नुकसान होने से बचाव रहा। बावा हैनरी ने कहाकि सफाई व्यवस्था की जांच की गई तो अस्पताल में गंदगी देखने को मिली। उन्होंने कहाकि मरीज यहां पर ठीक होने के जगह गंदगी से बीमार ज्यादा हो सकता है।
वहीं राजिंदर बेरी ने कहाकि सिविल अस्पताल के जच्चा-बच्चा वार्ड में विधायक बावा हैनरी के साथ जांच की। जहां महिलाओं के बाथरूम में काफी गंदगी देखने को मिली। उन्होंने कहा कि वह एक माह पहले भी अस्पताल का दौरा करने के लिए आए थे और अस्पताल की खामियों को लेकर उनके द्वारा सीनियर डॉक्टर के ध्यान में मामला रखा गया था। जिसके बाद आज दोबारा अस्पताल का दौरा करने पहुंचे, लेकिन आज फिर से अस्पताल में गंदगी देखने को मिली।
