चंडीगढ़: हरियाणा में मातृ मृत्यु दर और नवजात मृत्यु दर में बड़ी गिरावट लाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने आज राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ,हरियाणा द्वारा प्रस्तावित ‘समृद्धि’ (SAMRIDDHI – Safe Motherhood and Child Health Initiative) योजना का शुभारंभ किया।
आरती सिंह राव ने बताया कि यह एक तकनीक-संचालित प्रणाली है जो राज्य में गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं की निरंतर ट्रैकिंग करेगी, जिसमें विशेष रूप से उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। इस पहल के तहत गर्भवती महिला के प्रसवपूर्व पंजीकरण से लेकर प्रसव और जन्म के 42 दिनों तक नवजात शिशु की देखभाल की एंड-टू-एंड निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।
‘समृद्धि’ के सफल कार्यान्वयन के लिए एनएचएम हरियाणा, स्वास्थ्य सेवाएं महानिदेशालय, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान, महिला एवं बाल विकास विभाग, नागरिक पंजीकरण प्रणाली, निजी स्वास्थ्य सुविधाओं और मेडिकल कॉलेजों के बीच एकीकृत समन्वय स्थापित किया जाएगा।
