फरीदकोटः फरीदकोट के संधवान गांव में शादी के जश्न के दौरान भारी हंगामा हुआ, जब पुलिस ने लड़की के पिता को जबरन हिरासत में लिया और अपनी गाड़ी में ले गई। गिरफ्तारी के दौरान काफी अफरा-तफरी मची परिवार वालों और पुलिस के बीच हाथापाई हुई और गिरफ्तारी के विरोध में एक व्यक्ति पुलिस की गाड़ी के सामने लेट गया, जिसे जबरन हटाया गया और पुलिस आरोपी को ले गई। हाथापाई के दौरान पुलिसकर्मी पिस्तौल लहराते भी दिखे है।
इस मौके पर लड़की के भाई ने बताया कि आज उसकी बहन की शादी थी और जश्न चल रहा था तभी गिद्दड़बाहा के कुछ पुलिस कर्मियों ने जो सादे कपड़ों में थे, उसके पिता को काम के दौरान जबरन पकड़ा और UP नंबर वाली गाड़ी में ले गए। उसने कहा कि हालांकि उसके पिता का नाम पहले चोरी के मामले में आया था, लेकिन अब उन्होंने ये बुरे काम छोड़ दिए है, फिर भी पुलिस उन्हें जबरन दूसरे मामलों में फंसा रही है।
इस मामले में गिद्दड़बाहा पुलिस स्टेशन के इंचार्ज परविंदर सिंह ने बताया कि गिद्दड़बाहा पुलिस स्टेशन में गरीब सिंह उर्फ राजू नाम के व्यक्ति के खिलाफ ट्रांसफार्मर और मोटर चोरी का मामला दर्ज है। वह एक गैंग के साथ काम करता है और इस गैंग के पांच लोगों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। आज हमें सूचना मिली कि वह संधवान गांव में एक शादी समारोह में आया है, जहां हमारी टीम में कुछ सादे कपड़ों में और कुछ वर्दी में थे उसे गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने कहा कि ये लड़की का असली पिता नहीं बल्कि धर्म का पिता है। उन्होंने मारपीट के आरोपों से इनकार किया और कहा कि हमने कोई मारपीट नहीं की, बल्कि उसके परिवार वालों ने ऐसा किया। उन्होंने बताया कि फिलहाल उन्हें कोटकपूरा पुलिस स्टेशन में गिरफ्तार किया गया है।

