फिरोजपुरः देर रात सर्कल रोड पर गेहूं से भरा एक ट्रक बिजली के खंभे से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खंभे पर लगा ट्रांसफॉर्मर नीचे गिर गया, जिससे आसपास के इलाके की बिजली गुल हो गई। जानकारी के अनुसार गेहूं से लदा ट्रक सर्कल रोड से गुजर रहा था। सड़क पर डिवाइडर होने के कारण रास्ता काफी संकरा हो गया था, जब ड्राइवर ने अन्य वाहनों को जगह देने की कोशिश की, तो ट्रक सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराया। इस दौरान ट्रांसफॉर्मर जमीन पर गिर गया, लेकिन गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ। इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि यह हादसा सड़क पर लगे डिवाइडर की वजह से हुआ। सड़क पर थोड़ी ढलान है, और प्रशासन ने जब डिवाइडर लगाया तो उससे पहले बिजली के खंभों को वहां से नहीं हटाया गया। ये खंभे अभी भी सड़क किनारे ही खड़े है, जिससे किसी बड़े हादसे का खतरा बना हुआ है।
