फगवाड़ा: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ड्रग कंट्रोल विभाग की टीम ने फगवाड़ा में अचानक जांच अभियान चलाया। इस दौरान कपूरथला जिले की ड्रग इंस्पेक्टर अनुपमा कालिया और जालंधर के ड्रग इंस्पेक्टर ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। ड्रग कंट्रोल विभाग की टीम ने फगवाड़ा के अलग-अलग मेडिकल स्टोरों पर जाकर जांच की। इस दौरान गांव रानीपुर स्थित कोहली मेडिकल नामक दुकान की भी जांच की गई। विभाग को शिकायत मिली थी कि इस दुकान पर नशीली दवाएं बेची जा रही हैं।
ड्रग इंस्पेक्टर के अनुसार जांच के दौरान दुकान से कई बिना रिकार्ड के कैप्सूल बरामद किए गए। इन कैप्सूल की अभी तक पुष्टि नहीं हुई है कि वे नशीले हैं या नहीं। इसलिए उन्हें जांच रिपोर्ट के लिए भेज दिया गया है।
रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई
ड्रग कंट्रोल विभाग ने कहा कि कैप्सूल की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कदम उठाए जाएंगे।