फिरोजपुरः त्योहारों के दौरान और आम दिनों में भी लोगों को स्वच्छ, शुद्ध और सुरक्षित खाद्य उत्पाद मिले ये सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने फिरोजपुर में लगभग 20 से 22 हलवाइयों और मिठाई विक्रेताओं के साथ एक विशेष बैठक की। बैठक के दौरान उन्हें खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 और इसके अंतर्गत बनाए नियमों व कानूनों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
View this post on Instagram
इस अवसर पर हलवाइयों को सख्त निर्देश दिए और उनसे आग्रह किया कि वे इस महत्वपूर्ण व्यवसाय में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें, क्योंकि इसका सीधा असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ता है। उन्हें सलाह दी कि वे मिठाइयां बनाने से लेकर उनके भंडारण (स्टोरेज) और बिक्री तक, हर चरण में स्वच्छता और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें।
इस मौके पर मिठाई विक्रेताओं को बताया कि खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 की धारा 26 के तहत, हर खाद्य व्यवसाय संचालक की यह जिम्मेदारी है कि वह अपने व्यवसाय के हर चरण में खाद्य पदार्थों की सुरक्षा सुनिश्चित करे। इसके अलावा धारा 31 के तहत लाइसेंस या पंजीकरण की आवश्यकताओं का पालन करना और खाद्य सुरक्षा और मानक विनियम, 2011 की अनुसूची 4 (Schedule 4) में बताए स्वच्छता और साफ-सफाई के मानकों का पालन करना अनिवार्य है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक विशेष पहल की घोषणा करते कहा कि वे उन मिठाई विक्रेताओं (हलवाइयों) के काम का मूल्यांकन करेंगे, जो लगातार साफ-सफाई, शुद्धता और उच्च गुणवत्ता बनाए रखते हैं, तथा अपने काम में खाद्य सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करते हैं। जो लोग बेहतरीन काम करेंगे, उन्हें प्रशंसा प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा, जो अन्य व्यापारियों के लिए प्रेरणा का काम करेगा।
विभाग ने इस बात पर भी जोर दिया कि फिरोजपुर में मिठाई के कारोबार को साफ-सुथरा, शुद्ध और भरोसेमंद क्षेत्र बनाना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। इससे लोगों का भरोसा बढ़ेगा और यह सुनिश्चित होगा कि ग्राहकों को सुरक्षित और उच्च गुणवत्ता वाली मिठाइयां मिल सकें।
खाद्य सुरक्षा विभाग आम जनता से अपील करता है कि मिठाइयां खरीदते समय वे ऐसी दुकानों को प्राथमिकता दें, जो साफ-सफाई और गुणवत्ता का ध्यान रखती हैं, और जिनके पास FSSAI लाइसेंस है। विभाग का मुख्य उद्देश्य केवल सख्त कार्रवाई करना ही नहीं है, बल्कि व्यापारियों के बीच जागरूकता बढ़ाना और खाद्य सुरक्षा का ऐसा माहौल तैयार करना है, जहां हर ग्राहक को शुद्ध, साफ-सुथरे और सुरक्षित खाद्य उत्पाद मिल सकें।
