लुधियानाः ताजपुर रोड पर गाड़ी की पार्किंग को लेकर 2 गुटों के बीच कहासुनी के बाद फायरिंग की घई। इस घटना में 31 वर्षीय दरबारा उर्फ हैरी की गोली लगने से मौत ह गई। वहीं घटना को लेकर मीडिया से बात करते हुए हैरी की पत्नी राजविंदर ने बताया कि मेरे पति को बुखार था और वह घर पर बैठे हुए थे। इस दौरान उनका एक दोस्त आया और उसने बताया कि वहां गाड़ी के शीशे टूट गए हैं।
इतने में चार-पांच और लड़के आ गए और वे मेरे पति को अपने साथ ले गए। राजविंदर ने बताया कि मंगलवार रात करीब 3 बजे मेरे पास फोन आया कि हैरी को गोली लग गई है। राजविंदर ने कहा कि जो लड़के आगे थे, उन्हें खरोंच तक नहीं आई, जबकि मेरा पति 6-7लोगों के पीछे खड़ा था और उसे गोली लग गई। राजविंदर ने बताया कि पिछले शनिवार भी लड़ाई हुई थी। उस दिन भी वे लड़के पति को अकेले पीटकर गए थे। वह अपनी सहेली सीनू के साथ था, जो गिलां पिंड में रहती है।
मेरे पास उसकी सहेली की रिकॉर्डिंग तक है, जिसमें वह बता रही है कि होटल में लड़के मारपीट करके गए थे। राजविंदर ने कहा कि मुझे कुछ भी समझ नहीं आ रहा है। मेरी यही मांग है कि मुझे इंसाफ मिलना चाहिए। जिन्होंने यह किया, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। मेरी तो पूरी जिंदगी बर्बाद हो गई है। जब मेरा घर ही उजड़ गया, तो मैं क्या मांगूंगी? दूसरी तरफ, थाना डिवीजन नंबर 7 की पुलिस मामले की जांच कर रही है। फायरिंग के हालात और इसमें शामिल लोगों के बारे में जांच के बाद ही साफ होगा।
