लुधियानाः खाद्य सुरक्षा प्रवर्तन अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए खाद्य सुरक्षा टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एक सोया चांप निर्माण इकाई पर अचानक छापेमारी की और परिसर से लगभग 100 किलोग्राम सोया चांप बरामद किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने प्रयोगशाला जांच हेतु दो नमूने एकत्र किए। जिसमें एक सोया चांप का नमना था और दूसरा सोया आटा (सोया फ्लोर) का नमूना शामिल था।
दोनों नमूनों को विश्लेषण हेतु प्रयोगशाला भेज दिया गया है। प्रयोगशाला रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान निर्माण इकाई में अस्वच्छ परिस्थितियां भी पाई गईं। खाद्य पदार्थों के निर्माण में लगे कर्मचारियों द्वारा व्यक्तिगत स्वच्छता (पर्सनल हाइजीन) के निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। इन उल्लंघनों के मद्देनजर इकाई के विरुद्ध अस्वच्छता संबंधी चालान जारी किया गया। यह जानकारी डॉ. आशीष चावला, डीएचओ, लुधियाना द्वारा साझा की गई।
उन्होंने कहा कि विभाग खाद्य निर्माण इकाइयों में खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता एवं व्यक्तिगत स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। खाद्य सुरक्षा टीम ने दोहराया कि खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों से समझौता करने वाले खाद्य कारोबार संचालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए विभाग द्वारा निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेंगे। प्रयोगशाला विश्लेषण रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

