चंडीगढ़ः पूर्व भारतीय क्रिकेटर योगराज सिंह एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। महिलाओं के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में सेक्टर-36 थाना पुलिस ने उनके खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 79 और आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू की है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो बना विवाद की वजह
जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर एक वीडियो क्लिप तेजी से वायरल हुई थी। इस वीडियो में योगराज सिंह महिलाओं को लेकर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी बढ़ गई और मामले की शिकायत पुलिस तक पहुंची।
वकीलों ने SSP को दी शिकायत
इस मामले में जिला बार एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष एडवोकेट उज्ज्वल भसीन और एडवोकेट जतिन वर्मा ने एसएसपी को शिकायत दी थी। शिकायत में कहा गया कि वायरल वीडियो में महिलाओं की गरिमा और सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली भाषा का इस्तेमाल किया गया है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि ऐसी टिप्पणियां समाज में महिलाओं के प्रति गलत सोच और नफरत को बढ़ावा देती हैं, इसलिए कानूनी कार्रवाई जरूरी है।
वेब सीरीज के डायलॉग पर मचा बवाल
बताया जा रहा है कि यह वीडियो 8 मई को रिलीज हुई हिंदी वेब सीरीज “लुक्खे” के एक एपिसोड का हिस्सा है। इस सीरीज में योगराज सिंह ने “वालिया साहब” नाम का किरदार निभाया है। वायरल क्लिप में उनके किरदार को महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक बातें करते हुए दिखाया गया है। हालांकि यह डायलॉग वेब सीरीज का हिस्सा था, लेकिन सोशल मीडिया पर क्लिप वायरल होने के बाद इसे लेकर विवाद खड़ा हो गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
शिकायत मिलने के बाद सेक्टर-36 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब वायरल वीडियो और उससे जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। वहीं, इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

