चंडीगढ़ः पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर लगातार कांग्रेस हाईकमान की मीटिंग चल रही है। वहीं मीटिंग के दौरान कांग्रेस में फेरबदल देखने को मिला है। पार्टी हाईकमान ने राज्य में नई नियुक्ति की है। पंजाब युवा कांग्रेस के अध्यक्ष के पद पर शुभम देवगन के नाम को मंजूरी दी गई है। शुभम देवगन मोहित मोहिंद्रा की जगह लेंगे। मोहित मोहिंद्रा से पहले बरिंदर सिंह ढिल्लों पंजाब युवा कांग्रेस के अध्यक्ष थे। शुभम देवगन की नियुक्ति इसलिए अहम है क्योंकि उन्हें पंजाब में कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग का करीबी माना जाता है। युवा कांग्रेस के चुनाव में शुभम देवगन को अमरिंदर सिंह का समर्थन हासिल था जबकि गगनदीप सिंह का समर्थन पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी कर रहे थे। चरणजीत सिंह चन्नी को पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।
करणवीर सिंह ढिल्लों के साथ प्रताप सिंह बाजवा का समर्थन होने की बात सामने आई थी। ऐसा माना जा रहा है कि कांग्रेस का केंद्रीय नेतृत्व बहुत जल्द अमरिंदर सिंह को हटाकर किसी दूसरे नेता को राज्य में पार्टी की कमान सौंप सकता है। इस तरह शुभम देवगन की नियुक्ति को अमरिंदर सिंह के खेमे के लिए कामयाबी के तौर पर देखा जा रहा है। पंजाब में अगले कुछ महीनों के भीतर विधानसभा के चुनाव होने हैं और इससे पहले पार्टी नेतृत्व संगठन में बदलाव की तैयारी में जुटा हुआ है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पंजाब कांग्रेस के तमाम बड़े नेताओं के साथ पिछले कुछ दिनों में बातचीत कर चुके हैं।
शुभम देवगन के अलावा गगनदीप सिंह को वरिष्ठ उपाध्यक्ष और करणवीर सिंह ढिल्लों को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। युवा कांग्रेस के चुनाव नतीजे पिछले सप्ताह घोषित किए गए थे जिसमें देवगन को 1,60,154 वोट मिले थे। उन्होंने गगनदीप सिंह को मामूली अंतर से हराया था। गगनदीप को 1,56,271 वोट मिले। करणवीर सिंह ढिल्लों 94,181 वोटों के साथ तीसरे नंबर पर रहे। चुनाव में कुल 4,68,614 वोट डाले गए थे। युवा कांग्रेस की चुनाव प्रक्रिया में ज्यादा वोट हासिल करने के बाद भी प्रदेश अध्यक्ष का पद नहीं मिलता। शीर्ष स्तर पर आए तीन उम्मीदवारों का कांग्रेस नेतृत्व द्वारा इंटरव्यू लिया जाता है और उसके बाद पार्टी हाई कमान इस मामले में फैसला लेता है। इसलिए देवगन की नियुक्ति अमरिंदर सिंह के गुट के लिए अहम है।

