लुधियानाः जिले के समराला चौक और ट्रांसपोर्ट नगर के पास केमिकल से भरे एक ट्रक में आग लग गई। मिली जानकारी के अनुसार ट्रक चालक ने केमिकल ताजपुर रोड़ के पास डिलीवर करना था, लेकिन उससे पहले यह हादसा हो गया। आग की लपटें काफी ऊंचाई तक उठने लगीं। इससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ और बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, केमिकल से लदा ट्रक इलाके से गुजर रहा था। इसी दौरान वह ऊपर से गुजर रही हाई-वोल्टेज बिजली की तारों की चपेट में आ गया। तारों से निकली चिंगारी के कारण ट्रक में लदे केमिकल ने आग पकड़ ली और कुछ ही देर में लपटें तेज हो गईं। आग लगने से आसपास के घरों के बिजली मीटर भी जल गए। लोगों के मुताबिक, कुछ घरों में दरारें भी आई हैं।
घटना के समय घरों में लोग मौजूद थे, जिन्हें पीछे के रास्ते से सुरक्षित बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। फायर सब ऑफिसर राजन सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी। 4 दमकल गाड़ियों की मदद से करीब एक घंटे में आग बुझा दी गई। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।

