लुधियानाः शहर में भीषण सड़क हादसे में अंशिका एल्पाइन स्कूल की छात्रा की मौत हो गई। मृतका 9वीं कक्षा की छात्रा थी। मृतिका की पहचान 14 वर्षीय अंशिका के रूप में हुई है। अंशिका हैंडबॉल खिलाड़ी थी और उसने एल्पाइन स्कूल में कल ही उसे अपना स्टेट लेवल मैच खेलने के लिए बठिंडा जाना था। वह इसकी तैयारियों में जी-जान से जुटी हुई थी लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। स्टेट लेवल पर खेलने का सपना लिए यह होनहार खिलाड़ी ईंटों वाली ट्रॉली का शिकार हो गई।
जानकारी के मुताबिक अंशिका अपने एल्पाइन स्कूल में ही गेम की प्रैक्टिस करती थी। सोमवार शाम करीब 4 बजे वह मंदिर के पुजारी के साथ एक्टिवा पर स्कूल में प्रैक्टिस के लिए जा रही थी। रास्ते में जगतपुरी चौकी इलाके में जस्सियां रोड पर एक ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी एक्टिवा को चपेट में ले लिया। हादसे में अंशिका ट्रॉली के नीचे आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।
इस मामले में चौकी जगतपुरी पुलिस ने ट्रॉली ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया है। ट्रॉली पर कोई नंबर नहीं लगा था। इस मामले में परिवार ने पुलिस को शिकायत की है। एक्सीडेंट के तुरंत बाद खून से लथपथ अंशिका को इलाज के लिए डीएमसी (DMC) अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि उसने दम तोड़ दिया। अंशिका 2-3 स्कूल लेव टूर्नामेंट खेल चुकी थीं। इसके अलावा कई मेडल भी जीत चुकीं थीं।
अंशिका के पिता अमित राय एक प्रिंटिंग प्रेस का काम करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं, जबकि मां हाउसवाइफ हैं। घर में अंशिका का एक 13 साल का भाई भी है, जो उसी के साथ 9वीं कक्षा में पढ़ता है। जिस बेटी को कल स्टेट लेवल मैच खेलने के लिए बठिंडा विदा करना था आज उसकी मौत की खबर से माता-पिता बेसुध हैं।
