तरनतारन: पुलिस विभाग को शर्मसार करने वाला एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक एएसआई ने कथित तौर पर लेन-देन के विवाद के चलते एक व्यक्ति के घर में दाखिल होकर न केवल उसके साथ बहसबाजी की, बल्कि अपनी पिस्टल से गोली भी चला दी, इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामला तरनतारन शहर की चंद्र कॉलोनी का है, जहां रहने वाले राम प्रताप और पंजाब पुलिस के एएसआई विकुल चोपड़ा के बीच कथित तौर पर पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि इसी विवाद के चलते राम प्रताप ने एएसआई की कार के दस्तावेज अपने कब्जे में रखे हुए थे।
जानकारी के मुताबिक, जब एएसआई विकुल चोपड़ा अपने वाहन के दस्तावेज लेने के लिए राम प्रताप के घर पहुंचा तो दोनों के बीच बहसबाजी शुरू हो गई। इस दौरान राम प्रताप ने पहले पैसों के लेन-देन का हिसाब मांगा , आरोप है कि इसी बात से गुस्साए एएसआई ने अपनी सर्विस पिस्टल निकाल ली और पिस्टल का रौब दिखाते हुए कहा कि यह लोड है, बचकर रहना।
इसके बाद अगले ही पल एएसआई ने ट्रिगर दबा दिया और घर के अंदर गोली चला दी। गोली कमरे की दीवार पर जा लगी। गनीमत रही कि इस घटना में किसी को गोली नहीं लगी और राम प्रताप की जान बाल-बाल बच गई।
इस दौरान वहां मौजूद व्यक्ति ने एएसआई की इस पूरी हरकत को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो में एएसआई को पिस्टल निकालते और फायर करते हुए देखा जा सकता है। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वहीं, मामले को लेकर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क करने पर बताया गया कि एएसआई विकुल चोपड़ा पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहा है और इसी कारण छुट्टी पर है। अधिकारियों के अनुसार, घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार उसका लाइसेंसी पिस्टल था।
पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच करवाने और तथ्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है। फिलहाल एएसआई विकुल चोपड़ा को निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही उसके खिलाफ विभागीय जांच भी की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई स्पष्ट हो पाएगी।
