चंडीगढ़: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज पुलिस और सिविल प्रशासन को आगामी ‘शहीदी सभा’ के दौरान श्री फतेहगढ़ साहिब आने वाली संगत के लिए व्यापक प्रबंध करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘शहीदी सभा’ को शांतिपूर्ण, सम्मानजनक और सुचारू ढंग से संपन्न कराने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ेगी।
तैयारियों का जायजा लेने के लिए एक उच्च-स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “शहीदी सभा केवल एक वार्षिक धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि छोटे साहिबजादों – बाबा जोरावर सिंह जी और बाबा फतेह सिंह जी तथा माता गुजरी जी की अद्वितीय कुर्बानी को नमन करने और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने का पवित्र अवसर है। धर्म, सच्चाई और मानवीय मूल्यों की रक्षा के लिए दिए गए उनके अद्वितीय शहादत आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करती रहेगी।”
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “संगतों को चिकित्सा सहायता प्रदान करने के लिए 20 आम आदमी क्लिनिक कार्यशील किए जाएंगे। प्रशासन द्वारा संगत के रात्रि निवास के लिए भी प्रबंध किए जाएंगे, जबकि विभिन्न गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों के साथ समन्वय करके संगत के लिए उपयुक्त आवास सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी।” पवित्र नगरी में सफाई बनाए रखने के लिए, उन्होंने नगर काउंसिल के कर्मचारियों के अतिरिक्त 50 अतिरिक्त वालंटियरों की तैनाती के निर्देश दिए।
वे प्रबंधों की स्वयं निगरानी करेंगे ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सभी काम समय पर संपन्न हों। उन्होंने आगे कहा कि इस पवित्र धरती पर साहिबजादा जोरावर सिंह जी, साहिबजादा फतेह सिंह जी और माता गुजरी जी द्वारा दी गई लाजवाब शहादत ने पंजाबियों की कई पीढ़ियों को अन्याय, जुल्म और अत्याचार के विरुद्ध खड़े होने के लिए प्रेरित किया है।
