चंडीगढ़: पंजाब की डेयरी अर्थव्यवस्था को और मजबूत करने तथा पशुओं के वैज्ञानिक प्रबंधन को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पशुपालन विभाग द्वारा यहां किसान भवन में पशु चिकित्सा अधिकारियों के लिए राज्य-स्तरीय तकनीकी सेमिनार आयोजित किया गया। “आधुनिक पशुपालन प्रबंधन: पोषण, बीमारियों की रोकथाम, प्रजनन और फार्मों की सफाई” विषय के अंतर्गत आयोजित इस सेमिनार की अध्यक्षता पशुपालन, डेयरी विकास और मत्स्य पालन मंत्री स. गुरमीत सिंह खुड्डियां ने की।
सेमिनार को संबोधित करते हुए खुड्डियां ने पशु चिकित्सा अधिकारियों को पारंपरिक उपचार प्रणाली से आगे बढ़ते हुए पशुओं की स्वास्थ्य देखभाल के प्रति सक्रिय और रोकथाम-आधारित दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पशु चिकित्सा अधिकारी वैज्ञानिक प्रगति और ग्रामीण समृद्धि के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हैं और आधुनिक पशु चिकित्सा जानकारी के माध्यम से डेयरी किसानों को लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

पशुपालन मंत्री ने पशु चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करने के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए, जमीनी स्तर पर कुशल सेवाएं प्रदान करने, ‘राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम’ (एनएडीसीपी) के अंतर्गत सख्त ‘सीरो-मॉनिटरिंग’ प्रोटोकॉल लागू करने और प्रयोगशाला अनुसंधान को फार्म स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
पशुपालन विभाग ने किसानों को उचित फार्म रिकॉर्ड बनाए रखने, चरण-विशिष्ट पोषण संतुलन अपनाने और डेयरी क्लस्टरों में 100 प्रतिशत टीकाकरण कवरेज की ओर काम करने के लिए प्रोत्साहित करके वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन प्रबंधन पद्धतियों को तेज करने का संकल्प लिया। भाग लेने वाले पशु चिकित्सा अधिकारियों को भी आग्रह किया गया कि वे बीमारी की निगरानी को मजबूत करें और यह सुनिश्चित करें कि वैज्ञानिक सिफारिशें जमीनी स्तर पर किसानों तक पहुंच सकें।
