चंडीगढ़: पंजाब के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने आज घोषणा की कि राज्य में रबी सीजन के दौरान किसानों को अधिक उपज और बेहतर आमदनी सुनिश्चित करने के लिए सब्सिडी पर 2,42,218 क्विंटल गेहूं का बीज उपलब्ध करवाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें से अब तक 2.07 लाख क्विंटल से अधिक गेहूं का बीज वितरित किया जा चुका है।
इसमें सब्सिडी की अधिकतम सीमा 2,000 रुपये प्रति हेक्टेयर निर्धारित की गई है। खुड्डियां ने बताया कि इस योजना से 2.42 लाख से अधिक किसानों को लाभ मिलेगा। गेहूं के बीज पर सब्सिडी का लाभ लेने के लिए अब तक 2.18 लाख से अधिक किसान http://agrimachinerypb.com पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवा चुके हैं। श्री मुक्तसर साहिब 19,110 पंजीकरण के साथ राज्य में पहले स्थान पर है।

गुरमीत सिंह खुड्डियां ने यह जानकारी राज्यभर में सब्सिडी वाले गेहूं के बीज के वितरण की प्रगति की समीक्षा के लिए सभी मुख्य कृषि अधिकारियों (सीएओज़) के साथ आयोजित उच्चस्तरीय वीडियो कॉन्फ्रेंस की अध्यक्षता करते हुए दी।
कृषि मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खादों की किसी भी प्रकार की कमी, कालाबाजारी और टैगिंग को रोकने के लिए आपूर्ति श्रृंखला पर कड़ी निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि मौजूदा रबी फसलों की बुवाई के मौसम के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ना चाहिए।
