लुधियाना: जिले में बेखौफ बदमाशों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। देर रात थाना डाबा इलाके में स्थित कोहली मेडिकल शॉप पर लूट की नीयत से घुसे हथियारबंद बदमाशों ने दुकानदार पर जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने गल्ले से पैसे लूटने की कोशिश की, लेकिन दुकानदार के विरोध करने और अचानक उनकी पत्नी के वहां पहुंच जाने से बदमाश घबराकर मौके से फरार हो गए। वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी देते हुए कोहली मेडिकल के मालिक गुरमीत सिंह कोहली ने बताया कि देर रात करीब 9:30 बजे यह घटना हुई। घटना के दौरान दुकान पर काम करने वाला लड़का महज 5 मिनट पहले ही छुट्टी करके घर निकला था। जिसके बाद वह दुकान पर बिल्कुल अकेले थे। इसी दौरान प्लेटिना बाइक पर तीन युवक आए। बाइक सवार बाहर ही रुक कर आगे चला गया,जबकि उसके दो साथी हथियार लेकर सीधे दुकान के अंदर घुस गए।
दुकानदार गुरमीत सिंह ने बताया कि अंदर आते ही दोनों बदमाशों ने उन्हें हथियार दिखाए और पीछे की तरफ धकेल लिया। बदमाशों ने उन्हें धमकाते हुए कहा-चुप करके पैसे दे, रौला न डाल। इस पर गुरमीत सिंह ने हिम्मत दिखाते हुए कहा कि देख लो, दुकान में कैमरे लगे हैं। यह सुनते ही बदमाश भड़क गए और उन्होंने गुरमीत सिंह के साथ हाथापाई शुरू कर दी। बदमाशों ने उन पर दो-तीन बार हथियारों से वार किया, जिससे उनके शरीर पर दो कट भी लगे हैं।
सीसीटीवी फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि हाथापाई के दौरान ही अचानक गुरमीत सिंह की पत्नी दुकान पर आ जाती हैं। महिला को देखते ही दोनों बदमाश बुरी तरह घबरा गए। इसी बीच गुरमीत सिंह ने फुर्ती दिखाते हुए एक बदमाश को दबोच लिया, लेकिन हाथापाई के बीच वह खुद को छुड़ाकर बाहर भागने में कामयाब हो गया। बचाव में गुरमीत सिंह ने दुकान की कुर्सी उठाई और बदमाशों के पीछे दौड़ लगाई, लेकिन तब तक वे अपने तीसरे साथी के साथ बाइक पर बैठकर फरार हो गए। पीड़ित गुरमीत सिंह का कहना है कि वह साल 1997 से यहां अपनी दुकान चला रहे हैं।
इतने सालों में आज तक इलाके में उनके साथ इस तरह का कोई मामला पेश नहीं आया। यह पहली बार है जब बदमाशों ने इस तरह बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देने की कोशिश की है। दुकानदार के मुताबिक हमलावर युवकों की उम्र करीब 22 से 25 साल के बीच लग रही थी। घटना के तुरंत बाद थाना डाबा पुलिस को इसकी लिखित शिकायत (कंप्लेंट) दे दी गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है और बाइक के नंबर व हुलिए के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

