लुधियानाः ताजपुर रोड स्थित सीजे ज्वैलर्स में ठगी का एक हैरान कर देने वाला सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। यहां एक ढोंगी बाबा ने महज 10 मिनट के अंदर दुकान पर बैठे एक युवक को हिप्नोटाइज कर 1 लाख रुपए से ज्यादा के गहने लूट कर लिये। ठगी का यह पूरा खेल दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे बाबा ने बातों के जाल में फंसाकर युवक से ही गहने निकलवाए और रफूचक्कर हो गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार यह वारदात सोमवार दोपहर की है। सीजे ज्वैलर्स के मालिक किसी काम से बाजार गए हुए थे और दुकान पर उनका दोस्त मनीष बैठा था। इसी दौरान एक बाबा दुकान के अंदर आया। उसने मनीष से बातचीत शुरू की और उसके सारे दुख-दर्द खत्म करने का झांसा दिया। बाबा ने मनीष को कुछ दिया जिसके बाद मनीष पूरी तरह से हिप्नोटाइज़ होकर बाबा की हर बात मानने लगा।
सामने आए 10 मिनट के सीसीटीवी वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि बाबा के कहने पर मनीष ने सोने और डायमंड के कोके (Nose pins) निकाले। बाबा ने उन गहनों को अपने हाथ में लिया और फिर मनीष को देकर मुट्ठी बंद करने को कहा। इसी तरह बाबा ने बातों में उलझा कर सोने की अंगूठी भी निकलवा ली। वीडियो में दिख रहा है कि बाबा कुछ मंत्र बुदबुदाता है मनीष की बंद मुट्ठी पर फूंक मारता है और अपने गले में पड़ा कपड़ा उसके ऊपर से घुमाता है। इसके बाद बाबा वहां से निकल जाता है।
बाबा के जाने के कुछ देर बाद जब मनीष का ध्यान टूटा और उसने अपने हाथ देखे तो उसके हाथ में कोई गहना नहीं था। तब जाकर उसे अपने साथ हुई इस भारी ठगी का अहसास हुआ। जब दुकान के सीसीटीवी कैमरे चेक किए गए तो पता चला कि वारदात के समय दुकान के बाहर बाबा का एक अन्य साथी भी निगरानी कर रहा था। फिलहाल, पुलिस को इस पूरे घटनाक्रम की शिकायत दे दी गई है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है।
