होशियारपुरः सेंट्रल जेल में दोषी कृष्ण कुमार उर्फ बावा के फांसी लगाकर आत्महत्या करने के मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया है। मृतक के परिवार ने गढ़शंकर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस ने उसे एंटी नारकोटिक्स एक्ट के तहत गैरकानूनी मामले में फंसाया है। पुलिस की इस कार्रवाई से दुखी होकर उन्होंने जेल में ही अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
इस मामले को लेकर आज होशियारपुर पहुंचे राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य प्रियांक कानूनगो ने धरनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस मौके पर उन्होंने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब ऐसी घटना होती है तो प्रशासन को 24 घंटे के अंदर रिपोर्ट देना जरूरी होता है, लेकिन इस मामले में प्रशासन ने तय समय में रिपोर्ट नहीं दी।
परिवार का स्पष्ट आरोप है कि गढ़शंकर पुलिस द्वारा कृष्ण कुमार उर्फ बावा के खिलाफ दर्ज किया गया नशा तस्करी का मामला पूरी तरह से झूठा था और इस कारण वह मानसिक रूप से परेशान था। अब इस मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य द्वारा प्रशासन की जवाबदेही पर सवाल उठाने के बाद पुलिस और जेल प्रशासन की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है।

