लुधियानाः कमिश्नरेट पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस पंजाब ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 अवैध पिस्तौल, 11 कारतूस और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अनुराज उर्फ गौरव मसीह और अंकुश निवासी फिल्लौर, जालंधर के रूप में हुई है। पुलिस कमिशनर स्वप्न शर्मा ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया है कि अंकुश पहले भी हत्या के प्रयास के मामले में नामजद रह चुका है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से दो .30 बोर और एक .315 बोर पिस्तौल बरामद की गई है।
इसके अलावा 11 कारतूस और बिना नंबर की बजाज सीटी-100 मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली गई है। पुलिस को मुखबिर खास से सूचना मिली कि 2 युवक किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हार्डी वर्ल्ड के सामने मौजूद हैं। दोनों बदमाश गैंगस्टर लक्खा के लिए काम करते है। लक्खा विदेश में बैठा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को मौके से काबू कर लिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी जर्मनी और दुबई में बैठे विदेशी हैंडलरों के निर्देश पर काम कर रहे थे। इन्हें हाई-प्रोफाइल टारगेट किलिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
पुलिस का मानना है कि आरोपी इसी मोटरसाइकिल का इस्तेमाल वारदातों को अंजाम देने में करने वाले थे। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे एक अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध सिंडिकेट के सक्रिय सदस्य हैं। विदेशी हैंडलर अपने नेटवर्क के जरिए उन्हें हथियार उपलब्ध करवा रहे थे और उन्हें खास टारगेट दिए गए थे। इन बदमाशों ने कुरुक्षेत्र, समराला, मोगा, फरीदकोट तरनतारण में बड़ी घटनाओं को अंजाम देना था। पुलिस बदमाशों को रिमांड हासिल करके मामले की गहनता से जांच कर रही है।

