नई दिल्लीः ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र के जलपुरा गांव में नव विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार मृतिका की डेढ़ साल पहले शादी हुई थी। मृतिका की पहचान 24 वर्षीय दीपिका नागर के रूप में हुई है। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई की और इस मामले में आरोपी ससुर व पति को गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार लड़की के परिवार ने शादी पर लगभग 1 करोड़ रुपये खर्च किए थे।
यह घटना ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र के जलपुरा की है। दीपिका के पिता संजय ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी का विवाह 11 दिसंबर 2024 को जलपुरा निवासी ऋतिक से कराया था। संजय के अनुसार शादी में उन्होंने लगभग 1 करोड़ रुपये खर्च किए थे। इसके बावजूद ससुराल वाले लगातार और दहेज तथा एक फॉर्च्यूनर गाड़ी और 50 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। वे दीपिका को मानसिक और शारीरिक रूप से तंग करते थे। पिता ने कई बार बेटी और ससुरालवालों को समझाने की कोशिश की थी।
पीड़ित पिता ने बताया कि 17 मई को उनकी बेटी दीपिका ने उन्हें फोन करके बताया कि ससुराल वाले उससे मारपीट कर रहे हैं और दहेज में गाड़ी व पैसे लाने के लिए कह रहे हैं। शाम को संजय ससुराल गए और बातचीत करके वापस आ गए। रात को उन्हें फोन आया कि दीपिका छत से गिर गई है और उन्हें अस्पताल आने के लिए कहा गया। जब वे अस्पताल पहुंचे तो देखा कि उनकी बेटी की मौत हो चुकी थी और उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे।
पिता ने आरोप लगाया है कि ससुराल वालों ने ही दीपिका की हत्या कर उसकी लाश तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दी है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इस मामले में पीड़ित पिता ने ससुर मनोज, सास पूनम, पति ऋतिक, ननद नेहा व तन्वी तथा चाचा ससुर प्रमोद व विनोद के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी ससुर व पति को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच चल रही है। पुलिस ने बताया है कि नवविवाहिता की मौत तीसरी मंजिल से गिरने के कारण हुई है।

