लुधियानाः शहर के बाजवा नगर पुलिस स्टेशन के नजदीक गली नंबर 3 में स्थित एक धागा फैक्टरी में बीती रात भीषण आग लगने का मामला सामने आया है। आग लगने की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी तुरंत फायर विभाग को दी गई, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार आग धरेसी इलाके के कलयान नगर गली नंबर 3 में स्थित धागा फैक्टरी में लगी। फैक्टरी से अचानक धुआं और आग की लपटें निकलती देख स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर विभाग को सूचना दी। देखते ही देखते आग ने फैक्टरी के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।
फायर डिपार्टमेंट के कर्मचारी रमन कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही विभाग की 2 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। फायर कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का काम शुरू किया और आग को आसपास की इमारतों तक फैलने से रोक लिया गया। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, हालांकि शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ।

