जशपुरः जिले से एक दुखद मामला सामने आया है जहां, घोघरा डैम में डूबने से 8 माह की गर्भवती महिला और उसकी मासूम बेटी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान मां-बेटी गलती से गहरे पानी में चली गई, जिससे दोनों की जान चली गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बालाझार की रहने वाली सुकांती तिग्गा (32) बीती दोपहर अपनी 2 बेटियों के साथ घोघरा डैम गई थीं। वह डैम किनारे कपड़े धोने के साथ-साथ बच्चों के साथ नहा रही थीं। इसी दौरान सुकांती और छोटी बेटी मीनाक्षी तिग्गा (8) अचानक गहरे पानी की ओर चली गईं और डूबने लगीं। घटना के समय साथ मौजूद बड़ी बेटी आराधना तिग्गा (10) ने तैरकर अपनी जान बचाई। वह घबराई हुई हालत में घर पहुंची और परिजनों सहित ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण तत्काल डैम की ओर दौड़े।
ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर काफी खोजबीन की, लेकिन उन्हें दोनों कहीं नहीं मिले। उन्हें सिर्फ डैम किनारे महिला के कपड़े, बाल्टी और चप्पलें मिलीं। सूचना पर पत्थलगांव पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद दोनों शवों को पानी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

