बेंगलुरुः कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद को लेकर जारी सस्पेंस खत्म हो चुका है। सूत्रों के मुताबिक आज यानी 28 मई को दोपहर 3 बजे सिद्धारमैया मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे। वह राज्यपाल के ऑफिस जाकर इस्तीफा सौंपेंगे। कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक और कर्नाटक प्रशासनिक सुधार आयोग के अध्यक्ष आरवी देशपांडे ने बुधवार को कहा कि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने उनसे कहा है कि उन्होंने इस्तीफा देने का फैसला कर लिया है।
मुख्यमंत्री के आवास पर उनसे मुलाकात करने वाले पूर्व मंत्री देशपांडे ने बताया कि जब कुछ विधायकों ने सिद्धारमैया से इस्तीफा न देने का आग्रह किया, तो मुख्यमंत्री ने जवाब दिया कि उन्होंने आलाकमान को जुबान दी है और वह इसका सम्मान करेंगे। इससे पहले आज सुबह कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने बेंगलुरु स्थित मुख्यमंत्री आवास पर ब्रेकफास्ट मीटिंग के दौरान एक-दूसरे को गले लगाया।
उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के पैर भी छुए। उधर, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के संभावित इस्तीफे को लेकर बढ़ते राजनीतिक घटनाक्रम के बीच राज्यपाल थावरचंद गहलोत के बेंगलुरु छोड़ने से राज्य की राजनीति में अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि, कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि राज्यपाल की गैरमौजूदगी इस्तीफा प्रक्रिया को प्रभावित नहीं करेगी और सिद्धारमैया दोपहर 3 बजे तय कार्यक्रम के अनुसार अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं।

