जालंधर, ENS: शहर के सिविल अस्पताल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मारपीट के एक मामले में एमएलआर कटवाने पहुंचे दो पक्ष अस्पताल के गेट के बाहर आमने-सामने हो गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच फिर से विवाद शुरू हो गया और एक पक्ष ने दूसरे पर हॉकी व तेजधार हथियार से हमला कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार लम्मा पिंड चौक के पास किसी बात को लेकर दो पक्षों में पहले झगड़ा हुआ था, जिसमें दोनों ओर के लोग घायल हो गए।
View this post on Instagram
इसके बाद पहला पक्ष उपचार और एमएलआर कटवाने के लिए सिविल अस्पताल पहुंचा। कुछ ही देर बाद दूसरा पक्ष भी अस्पताल पहुंच गया।अस्पताल परिसर में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी ने देखते ही देखते मारपीट का रूप ले लिया। एक पक्ष के युवकों ने हॉकी स्टिक से दूसरे पक्ष के लोगों पर हमला कर दिया। अस्पताल परिसर में हुई इस गुंडागर्दी को देखकर वहां मौजूद लोग सहम गए।
घटना का वीडियो भी कुछ लोगों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। झगड़े की सूचना मिलते ही अस्पताल में तैनात पुलिस गार्ड ने दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद थाना नंबर-4 की पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार यह घटना वार्ड नंबर-8 के अंतर्गत आते रिहायशी इलाके की है। दरअसल, देर रात घर के बाहर लगी किसी तार (संभवतः बिजली या केबल की तार) को हटाने या छूने को लेकर दोनों पड़ोसियों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में झड़प हो गई और आरोप है कि एक पक्ष ने दूसरे पर हमला कर दिया।
पीड़ित परिवार के सदस्यों ने बताया कि जब वे अपने घर के बाहर मौजूद थे, तभी पड़ोसी पक्ष के रोहित, गोलू और उनके साथियों ने कथित तौर पर अचानक हमला कर दिया। परिवार का आरोप है कि हमलावरों की संख्या अधिक थी और वे पूरी तैयारी के साथ आए थे। पीड़ितों के अनुसार, आरोपियों ने परिवार के तीन से चार सदस्यों के साथ मारपीट की। अस्पताल में उपचाराधीन पीड़ित ने बताया कि हमलावरों ने उसकी बहन पर कड़े व धारदार चीजों से वार किया, जिससे उसके नाक और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। चीख-पुकार सुनकर जब परिवार के अन्य सदस्य (चाचा और भाई) बीच-बचाव करने आए, तो हमलावरों ने उन पर भी जानलेवा हमला कर दिया। घटना में परिवार के कई लोग खून से लथपथ हो गए, जिन्हें तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया।
