जालंधरः वर्ल्ड प्लास्टिक सर्जरी-डे पर पसरीचा अस्पताल में एक कार्य़क्रम का आयोजन किया गया, जिसमें लोगों की निशुल्क जांच की गई। कार्य़क्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित करके की गई। जिसमें डॉक्टरों ने अपने स्टाफ को सम्मानित भी किया।
डॉ. पौरुष पसरीचा ने प्लास्टिक सर्जरी के बारे में लोगों को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत में हर साल 15 जुलाई को विश्व प्लास्टिक सर्जरी दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य प्लास्टिक सर्जरी के बारे में फैली भ्रांतियों को दूर करना और यह समझाना है कि यह केवल सुंदरता बढ़ाने के लिए नहीं, बल्कि जले हुए हिस्सों को ठीक करने, जन्मजात विकृतियों को सुधारने और आत्मविश्वास लौटाने के लिए जीवन बदलने वाला चिकित्सा विज्ञान है।
हाल ही में आयोजित अमेरिकन सोसायटी ऑफ प्लास्टिक सर्जरी (ASPS) के 34 राष्ट्रीय प्लास्टिक सर्जरी सोसायटियों के वैश्विक शिखर सम्मेलन में APSI के अध्यक्ष प्रो. आरके खजांची ने यह प्रस्ताव रखा।
अध्यक्ष के अनुरोध पर प्रतिक्रिया देते ASPS ने 15 जुलाई को ‘विश्व प्लास्टिक सर्जरी दिवस’ घोषित किया है। यह वास्तव में भारतीय सहयोगियों के लिए एक गौरव की बात है जिन्होंने शुरुआत से ही पहल की है। एक वैश्विक दिवस अंतरराष्ट्रीय प्लास्टिक सर्जरी समुदाय के लिए एक मंच पर एकजुट होने, एक साथ मिलकर अपनी बात रखने और सामान्य मुद्दों पर चर्चा करने का एक उत्कृष्ट अवसर है; यह जागरूकता बढ़ाने वाले कार्यों के लिए एक प्रेरक शक्ति के रूप में कार्य करता है।
