चंडीगढ़ः सिटी में ऑपरेशन सेल की कुख्तात बदमाश के साथ मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में बदमाश गोलू गोहाना ढेर हो गया। आज सुबह हरियाणा के कुख्यात बदमाश के और ऑपरेशन सेल टीम के बीच यह एनकाउंटर हुआ। दोनों तरफ से करीब 5 राउंड फायरिंग की गई। इसके बाद टीम ने गैंगस्टर को काबू कर लिया। बदमाश की पहचान मुकेश गोलू के रूप में हुई है, जो हरियाणा के गोहाना का रहने वाला है। उसके पैर में गोली लगी है। उसे घायल अवस्था में सेक्टर-16 के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि आरोपी चंडीगढ़ में किसी वारदात को अंजाम देने के लिए आ रहा है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। मौके से पुलिस को गोलियों के 5 खोल भी बरामद हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी बदमाश चंडीगढ़ में अपनी बहन के घर आया हुआ था। इसकी सूचना पुलिस को लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे सेक्टर-25 में रैली ग्राउंड के पास घेर लिया। इस दौरान आरोपी ने पुलिस से बचकर भागने की कोशिश की। आरोपी की तरफ से पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी गई। इसके बाद पुलिस भी एक्शन में आ गई। पुलिस ने बचाव में फायरिंग की। दोनों तरफ से करीब 5 राउंड फायरिंग हुई, जिसमें से 3 राउंड बदमाश ने और 2 राउंड पुलिस ने फायरिंग की।
इस दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया। पुलिस ने हथियार और अन्य सामान बरामद किया है। आरोपी हरियाणा का बदमाश है। वह चंडीगढ़ पुलिस का भी वांटेड था। मुकेश गोलू अवैध हथियारों की सप्लाई करता था। वह मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश से हथियार लाकर पंजाब और हरियाणा में सप्लाई देता था। चंडीगढ़ के थाना मलोया में उसके खिलाफ साल 2021 में हथियार तस्करी का एक मामला दर्ज हुआ था।
चंडीगढ़ पुलिस को इसकी तलाश थी। पुलिस ने उसे अपराधी घोषित (पीओ) कर रखा था। आरोपी सेक्टर-25 में अपनी बहन के पास आया था। इसकी जानकारी पुलिस को हुई तो इस ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। पुलिस के अधिकारी अभी इस मामले में बोलने से बच रहे हैं। डीएसपी दलबीर सिंह और ऑपरेशन सेल के इंस्पेक्टर सतविंदर सिंह मौजूद रहे। यह एनकाउंटर सुबह करीब 6 बजे हुआ। अधिकारियों का कहना है कि मामले में जल्द ही पूरी जानकारी दी जाएगी।
