जालंधर, ENS: घल्लूघारा दिवस को लेकर शहर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस सुरक्षा है। जालंधर के अति व्यस्त संविधान चौक, नकोदर चौक, गुरु नानक मिशन चौक सहित अन्य चौकों पर पुलिस की तैनाती है। हर आने-जाने संदिग्ध पर नजर रखी जा रही है। पुलिस संदिग्ध वाहनों को रोककर उनकी जांच भी कर रही है। संविधान चौक में शनिवार को पुलिस ने एक बुलेट को रोककर जब्त किया है।
पुलिस ने बताया कि बुलेट पर पटाखे वाले साइलेंसर का यूज किया गया था। वहीं सविधान चौक (बीएमसी चौक) पर लगे नाके के दौरान एएसआई कुलवंत सिंह ने बताया कि उन्होंने एक संदिग्ध बुलेट मोटरसाइकिल को रोककर चेक किया, जिसका साइलेंसर पटाखे मार रहा था। वाहन चालक के आज ही मोटरसाइकिल लाने के बहाने को खारिज करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित साइलेंसर का उपयोग पूरी तरह गलत है। एएसआई के अनुसार, सरकार के सख्त निर्देश हैं कि पटाखे वाले साइलेंसर हटाकर सिर्फ कंपनी के ओरिजनल साइलेंसर ही लगाए जाएं, क्योंकि इस तेज आवाज से किसी भी मरीज की सेहत को गंभीर खतरा हो सकता है।
उन्होंने बताया कि इस मोटरसाइकिल में साइलेंसर, हॉर्न और सरकारी सिक्योरिटी नंबर प्लेट न होने जैसी बड़ी कमियां थीं, जिसके कारण नियमों का उल्लंघन करने वाले इस वाहन का केवल चालान नहीं किया गया, बल्कि इसे सीधे जब्त (बंद) कर दिया गया है। एएसआई कुलवंत सिंह ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि ऐसे सभी वाहनों को सीधे बंद किया जाएगा और उन्होंने आम जनता से अपील की कि बुलेट मोटरसाइकिल पर सिर्फ कंपनी के ओरिजनल साइलेंसर ही इस्तेमाल करें क्योंकि इन पटाखे वाले साइलेंसरों की कोई जरूरत नहीं है।
