नई दिल्लीः भारतीय शेयर बाजार में पिछले कुछ दिनों से जारी तेजी पर आज ब्रेक लग गया है। शेयर बाजार में बुधवार, 22 अप्रैल को गाढ़े लाल निशान में कामकाज की शुरुआत हुई है। एशियाई बाजारों में मिलता-जुलता रुख देखने को मिल रहा है। शुरुआती मिनटों में ही सेंसेक्स करीब 345 अंक टूटकर 78,927.46 के स्तर पर आ गया। वहीं, निफ्टी 50 भी 105 अंकों की गिरावट के साथ 24,471.50 के स्तर पर ट्रेड करता दिखा। बाजार में यह सुस्ती ग्लोबल मार्केट से मिल रहे कमजोर संकेतों की वजह से है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ संघर्ष विराम को अनिश्चितकाल के लिए आगे बढ़ाने का ऐलान तो किया है, लेकिन साथ ही एक शर्त भी जोड़ दी है। ट्रंप ने कहा कि जब तक बातचीत पूरी नहीं हो जाती, होर्मुज स्ट्रेट की नाकेबंदी जारी रहेगी। इस खबर से ग्लोबल मार्केट में मिला-जुला असर दिख रहा है। वहीं, ‘गिफ्ट निफ्टी’ ने सुबह ही संकेत दे दिए थे कि आज घरेलू बाजार में मुनाफावसूली या बिकवाली का दबाव रह सकता है। आज की गिरावट ने इसलिए भी निवेशकों को निराश किया है क्योंकि कल यानी 21 अप्रैल को बाजार में जबरदस्त तेजी आई थी।
सेंसेक्स 753 अंकों की छलांग लगाकर 79,273.33 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 211 अंक चढ़कर 24,576.60 पर पहुंचा था। कल की जोरदार तेजी के बाद आज बाजार में प्रॉफिट बुकिंग देखने को मिल रहा है। जापान का प्रमुख इंडेक्स निक्केई 115.92 अंक या 0.20% मजबूत होकर 59,465.09 के लेवल पर कामकाज कर रहा है, जबकि टॉपिक्स 24.91 अंक या 0.66% की गिरावट के साथ 3,745.47 के लेवल पर कारोबार कर रहा है।
वहीं, साउथ कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 35.45 अंक या 0.55% टूटकर 6,353.02 के लेवल पर कारोबार कर रहा है, जबकि कोस्डैक 13.89 अंक या 1.18% कमजोरी के साथ 1,165.14 के लेवल पर कारोबार कर रहा है। अमेरिकी बाजार की बात करें, तो यहां भी बीती रात गिरावट के साथ कामकाज की समाप्ति हुई। डॉव जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 293.18 अंक या 0.59% टूटकर 49,149.38 के लेवल पर बंद हुआ, जबकि S&P 500 इंडेक्स 45.13 अंक या 0.63% कमजोर होकर 7,064.01 के लेवल पर बंद हुआ। इसके अलावा, नैस्डैक कम्पोजिट 144.43 अंक या 0.59% की गिरावट के साथ 24,259.96 के लेवल पर बंद हुआ।
