अबोहरः पटेल पार्क इलाके में देर रात गली नंबर 6 में विज हॉल के नजदीक दुकान में जोरदार धमाका हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुकान में बड़े स्तर पर पटाखों व अन्य ज्वलनशील सामग्री का भंडारण किया गया था, जिसमें अचानक विस्फोट हो गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि उसकी आवाज दूर-दूर तक सुनी गई और आसपास के लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए। विस्फोट के कारण पास की 4 दुकानें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, वहीं एक मकान को भी भारी नुकसान पहुंचा है। विस्फोट में राधा चुग और दुकान संचालक के कुछ कर्मचारी घायल हो गए।
घटना में तीन लोगों के घायल होने की सूचना है, जिन्हें तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। मौके पर पुलिस और दमकल विभाग की टीमें पहुंचकर स्थिति पर काबू पाने में जुट गईं। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस और प्रशासन ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और भीड़ को नियंत्रित किया।
हादसे के कारणों को लेकर अभी तक स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। कुछ लोगों ने सिलेंडर फटने की आशंका जताई है, जबकि अन्य इसे पोटाश या पटाखों के कारण हुआ विस्फोट बता रहे हैं। देर रात तक पुलिस प्रशासन मामले की जांच में जुटा रहा और आग बुझाने का काम जारी रहा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दुकान में इतनी बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडारण क्यों किया गया था। वहीं पटेल पार्क देर रात हुई घटना के बाद आज सुबह एसएसपी गुरमीत सिंह पुलिस पार्टी के साथ जांच करने पहुंचे है। जहां उन्होंने लोगों से बात की और स्थिति का जायजा लिया।
