शाजापुरः जिले के सुनेरा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-52 पर देर रात भीषण सड़क हादसे में बस चालक की मौत का मामला सामने आया है, जबकि महिला, पुरुष और बच्चों समेत 18 यात्री घायल हो गए। हादसा महाकाल ढाबे के पास उस समय हुआ, जब मजदूरों से भरी एक बस आगे चल रहे लकड़ी से लदे ट्रक से टकरा गई।
जानकारी मुताबिक, कमला बस में करीब 50 से 60 मजदूर सवार थे। सभी इंदौर के सांवेर क्षेत्र में ईंट-भट्टों पर काम करने के बाद उत्तर प्रदेश के ललितपुर स्थित अपने गांवों की ओर लौट रहे थे। रात करीब 1 से 2 बजे के बीच बस की ट्रक से पीछे से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस चालक मनोहर सिंह निवासी अशोकनगर की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही सुनेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को डायल-112 तथा 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में भर्ती घायलों में 2 गर्भवती महिलाएं भी शामिल हैं। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है और उनका इलाज जारी है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रक में लकड़ी के गुटकों के परिवहन को लेकर सवाल उठाए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रक लकड़ी से भरा हुआ था और दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। इस दौरान सड़क पर लकड़ी के गुटके बिखर गए थे। स्थानीय लोगों ने दावा किया कि बाद में कुछ लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य वाहनों के साथ मौके पर पहुंचे और सड़क पर बिखरी लकड़ी को उठाकर ले गए। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं।
जिला अस्पताल में पदस्थ डा. विनोद गुर्जर ने बताया कि हादसे में घायल सभी मरीजों का उपचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति की मौत हुई है, जिसकी पहचान बस चालक के रूप में हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखा गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
