शिमलाः अगर आप भी चॉकलेट खाने के शौकीन है तो यह खबर आपके लिए अहम है। दरअसल, अमूल कंपनी की डार्क फ्रूट एंड नट चॉकलेट में जिंदा कीड़े निकलने का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर देखा जा रहा है। न्यू शिमला निवासी संदीप शर्मा ने बताया कि 17 अक्टूबर 2026 को ऊना की एक दुकान से अमूल की 40 ग्राम की यह चॉकलेट खरीदी थी। शिमला पहुंचकर जब उनके बेटे ने चॉकलेट खोली, तो उसमें जिंदा कीड़े रेंगते हुए दिखाई दिए।
View this post on Instagram
पीड़ित का आरोप है कि चॉकलेट की एक्सपायरी डेट मई 2027 दर्ज थी, जिसके चलते समय से काफी पहले उत्पाद में कीड़े मिलने से कंपनी के गुणवत्ता मानकों पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। पीड़ित उपभोक्ता संदीप शर्मा ने घटना के बाद तुरंत अमूल के कस्टमर केयर पर शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, उनका आरोप है कि कंपनी के प्रतिनिधियों ने उनसे कोई बातचीत किए बिना और सैंपल का निरीक्षण किए बिना ही शिकायत को मनमाने ढंग से बंद (रिफ्यूज /क्लोज) कर दिया।
इस गैर-जिम्मेदाराना रवैये से नाराज होकर उन्होंने चॉकलेट और उसका मूल रैपर सबूत के तौर पर सुरक्षित रख लिया है, ताकि इसे जांच के लिए आधिकारिक लैब में दिया जा सके। संदीप शर्मा ने इस पूरे मामले की औपचारिक शिकायत भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) और संबंधित खाद्य सुरक्षा विभाग को भेजी है। उन्होंने मांग की है कि विभाग उनकी चॉकलेट का सैंपल लेकर उसे अधिकृत प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे। शर्मा ने कहा कि अभिभावक अपने बच्चों के स्वास्थ्य पर भरोसा करके कंपनियों के उत्पाद खरीदते हैं, इसलिए खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर संबंधित कंपनी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।