श्रीनगरः जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार को सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में फंसे लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के वांछित कमांडर मोहम्मद लतीफ भट ने आत्मसमर्पण करने से इनकार कर दिया। सुरक्षाबलों ने उसे सरेंडर करने का मौका दिया, लेकिन उसने कथित तौर पर कहा कि मैं अल्लाह से मिलना चाहता हूं। मैं खुश हूं। मैं अल्लाह से भी मिलूंगा।
सुरक्षाबलों के एक जवान ने बातचीत के दौरान लतीफ भट से आत्मसमर्पण करने की अपील की और भरोसा दिलाया कि वे उसके साथ हैं। हालांकि, उसने इस पेशकश को ठुकरा दिया। अधिकारियों के मुताबिक लतीफ भट कुलगाम के जंगलपोरा इलाके में जारी मुठभेड़ के दौरान एक संदिग्ध ठिकाने में घिरा हुआ है।
पुलिस और सुरक्षाबलों ने इलाके में आतंकियों की मौजूदगी के संबंध में विशेष खुफिया जानकारी मिलने के बाद बुधवार तड़के तलाशी अभियान शुरू किया था। इस दौरान संदिग्ध ठिकाने की ओर सुरक्षाबलों के बढ़ने पर आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई।
कश्मीर पुलिस ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कुलगाम में जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम तथा आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू होने की पुष्टि की।
दक्षिण कश्मीर में सीआरपीएफ जवानों पर अखरान में हमले के बाद आतंकवादियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिए गए हैं। इस हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हुए थे। इसी सिलसिले में सोमवार को कुलगाम के लारू इलाके में हुई मुठभेड़ में लतीफ भट का करीबी सहयोगी उमर निसार डार मारा गया था। हालांकि, उस समय लतीफ भट भागने में कामयाब रहा था।
पुलिस ने आरोप लगाया है कि लतीफ भट और उमर निसार डार अखरान में सीआरपीएफ जवानों पर हमले में शामिल थे। लतीफ भट घाटी के सबसे वांछित स्थानीय आतंकवादियों में शामिल है और उस पर कई हमलों में संलिप्त होने का आरोप है।
सीसीटीवी फुटेज में लतीफ भट और उसके मारे गए सहयोगी उमर निसार डार को कुलगाम जिले के कई स्थानों की रेकी करते देखा गया था। यह रेकी 11 नवंबर को सीआरपीएफ जवानों पर हमले से एक दिन पहले की गई थी।
