चंडीगढ़: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जिला सिरसा की कालांवाली विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देने के लिए एक करोड़ रुपये की राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के शहरों और गांवों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने तथा जन आकांक्षाओं के अनुरूप विकास कार्य करवाने में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए भाजपा कार्यकर्ता पूरी सक्रियता से काम करें। उन्होंने नशे को समाज और युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। हरियाणा सरकार ने नशे के कारोबार से जुड़े लोगों की 94 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि लाडो लक्ष्मी योजना के तहत पात्र महिलाओं को 2,100 रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने के लिए 3,000 करोड़ रुपये लाभार्थियों के खातों में भेजे गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से औद्योगिक इकाइयों की जरूरत के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके लिए आईटीआई संस्थानों को आधुनिक एवं मजबूत बनाने पर करीब 350 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इसके अलावा वर्ष 2029 तक पुरानी एवं क्षतिग्रस्त नहरों और माइनरों के सुदृढ़ीकरण की योजना तैयार की गई है।

